29जेएनडी44-चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा।
जींद। हैबतपुर मेडिकल कॉलेज में जल्द से जल्द लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। जींद से भाजपा विधायक एवं डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने चंडीगढ़ में स्वास्थ्य शिक्षा के उच्च अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में हैबतपुर मेडिकल कॉलेज व पैरा मेडिकल कॉलेज को लेकर मंथन हुआ।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि वह तमाम अधिकारियों के साथ वीरवार को हैबतपुर मेडिकल कॉलेज का मुआयना करेंगे और वहां करवाए जा रहे प्रगति कार्यों की रिपोर्ट देखेंगे। यहां मौके पर ही अधिकारियों के साथ फिर से बैठक होगी और काम में तेजी लाने वजल्द से जल्द ओपीडी शुरू करवाने को लेकर तैयारियों का आकलन किया जाएगा। बैठक में एसीएस मेडिकल एजुकेशन सुधीर राजपाल, डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन यशविंद्र सिंह, एचएसआरडीसी हरियाणा स्टेट रोड कारपोरेशन के अधिकारी मौजूद रहे।
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय डॉ. हरिचंद मिड्ढा का सपना था कि जींद का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सके। उनके स्वर्गीय पिता के इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने स्वास्थ्य, चिकित्सा व शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर वर्ग को साथ लेकर सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर काम कर रही है।
सरकार का एक ही प्रयास है कि पंक्ति के अंतिम छौर तक खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी को लेकर जींद की विकास परियोजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारने का काम किया जा रहा है। जींद की जनता को भाखड़ा का पानी उपलब्ध करवाने के लिए कार्य की शुरूआत कर दी गई है। वहीं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जींद की सभी विकास परियोजनाओं को पूरा करवाने का प्रयास किया जा रहा है।