17जेएनडी35-सुरजाखेड़ा गांव में मृतकों के शव को मुखाग्नि देते हुए परिजन। संवाद
नरवाना। बरवाला बाईपास के पास सोमवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसे में सुरजाखेड़ा गांव के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कार और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार बुजुर्ग दंपती समेत चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा उस समय हुआ जब कार का अचानक टायर फट गया और अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सुरजाखेड़ा निवासी महावीर(65), उनकी पत्नी रोशनी देवी (62), भतीजा संदीप उर्फ मिक्का (35) और उसका दोस्त सुनील शर्मा (34) के रूप में हुई है। सभी लोग हिसार से दवा दिलवाकर गांव लौट रहे थे।
जैसे ही चारों शव गांव पहुंचे, सुरजाखेड़ा में मातम पसर गया। महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। एक ही साथ चार अर्थियां उठते देख हर आंख नम हो गई। महावीर व रोशनी देवी का एक चिता पर संस्कार हुआ। परिजनों ने मुखाग्नि दी।