13जेएनडी32: कंडेला गांव के पास सुबह नौ बजे धुंध से गुजरते वाहन। संवाद
जींद। मंगलवार को जिले में सुबह के समय घनी धुंध छाई रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। हालात यह रहे कि कई क्षेत्रों में दृश्यता 10 मीटर से भी कम दर्ज की गई। धुंध के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कई जगहों पर लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय धुंध और ठंड के चलते खेतों में काम करने निकले किसानों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने के कारण ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया गया।
किसानों का कहना है कि ठंड और नमी के कारण फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। विशेषकर सरसों, गेहूं और सब्जियों की फसलों में पाले का खतरा बढ़ गया है जिससे उपज प्रभावित होने का डर सता रहा है।
घनी धुंध के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रही। कई स्थानों पर वाहन चालकों ने बेहद धीमी गति से वाहन चलाए। ग्रामीण क्षेत्रों में धुंध ज्यादा घनी रहने से हालात और भी गंभीर बने रहे। ठंड का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है।
जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार, सांस संबंधी परेशानी और जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक ठंड और नमी के कारण बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों ने लोगों को सुबह-शाम ठंडी हवा से बचने, गर्म कपड़े पहनने और पर्याप्त गर्म पेय लेने की सलाह दी है।
-
आने वाले दिनों में भी सुबह के समय धुंध छाए रहने और ठंड बने रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। वहीं, वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि वे धुंध के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, फॉग लाइट का प्रयोग करें और गति सीमित रखें।
-डॉ. राजेश कुमार, मौसम वैज्ञानिक