लघु सचिवालय के बाहर धरने के बाद पुतला फूंकंते भीम आर्मी के सदस्य।
- फोटो : Jind
जींद। खापड़ गांव में डेढ़ माह पहले नाबालिग बच्चे पर तेल चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने के 11 आरोपियों व छात्तर गांव में अनुसूचित जाति के लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने के 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। इसको लेकर भीम आर्मी ने लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
भीम आर्मी के दिनेश खापड़ ने शनिवार को बताया कि खापड़ गांव में डेढ़ माह पहले एक नाबालिग पर तेल चोरी करने का आरोप लगाकर उसके साथ ग्रामीणों ने अमानवीय व्यवहार कर मारपीट की थी। जिसके चलते पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जिसमें पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। जिसको लेकर एक माह पहले भीम आर्मी ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद भी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। इसके अलावा छात्तर गांव में अनुसूचित जाति के लोगों के साथ मारपीट कर सामाजिक बहिष्कार करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की गई।