संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जिला इकाई ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के ओएसडी विजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। उनकी मांग है कि स्नातक के परिणाम या आवश्यक दस्तावेज लंबित होने पर विद्यार्थियों को प्रोविजनल एडमिशन दिया जाए। यह सुविधा पिछले वर्षों की तरह इस बार भी दी जाए।
इकाई अध्यक्ष सतविंदर ढिल्लो ने बताया कि पीजी प्रवेश के लिए स्नातक का पूर्ण परिणाम जमा करना अनिवार्य है। कई विद्यार्थियों के परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुए हैं। इससे वे बिना किसी गलती के प्रवेश से वंचित हो सकते हैं।
सदस्य रोहन सैनी ने बताया कि यूजी द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर, पांचवें सेमेस्टर स्पेशल चांस और छठे सेमेस्टर री-इवैल्यूएशन के परिणाम लंबित हैं। इससे हजारों विद्यार्थी समय पर दस्तावेज जमा नहीं कर पा रहे हैं। परिषद ने कहा कि वर्ष 2024 और 2025 में विश्वविद्यालय ने प्रोविजनल एडमिशन की सुविधा दी थी। रोहतक, कुरुक्षेत्र और पंजाब विश्वविद्यालय भी लंबित परिणाम वाले विद्यार्थियों को यह सुविधा देते हैं। एबीवीपी ने मांग की कि इस वर्ष भी प्रोविजनल प्रवेश देकर परिणाम घोषित होने के बाद दस्तावेज जमा कराने का अवसर दिया जाए। इससे किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष प्रभावित नहीं होगा।