जींद। रोहतक रोड पर ठेकेदार की गोली मारकर हत्या करने के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में रोष है। इसके चलते अलग-अलग रहने वाले व्यापारियों के संगठन शनिवार को कांग्रेस के कार्यक्रम में एक मंच पर दिखे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बता दें कि मंगलवार सुबह ठेकेदार की हत्या कर दी गई थी, लेकिन अभी आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं।
इसके चलते कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला सुबह सबसे पहले जनता बाजार स्थित जींद व्यापार संगठन के प्रधान ऋषभ जैन की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के प्रधान गुलशन डंग के साथ व्यापारियों से चर्चा की। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में आज ऐसा माहौल बना हुआ है कि व्यापारियों की जान ही सुरक्षित नहीं है। यदि जान बचेगी, तभी व्यापारी धंधा करेगा। मंच से दावा किया गया कि यहां व्यापारियों के अलग-अलग 38 संगठन शामिल हुए हैं। इस मौके पर संदीप सांगवान, ऋषभ जैन, सुनील वशिष्ठ, अनिल अग्रवाल, गुलशन डंग, महाबीर कंप्यूटर, ईश्वर बंसल, श्रीचंद जैन, राजू लखीना, दिनेश मिन्नी, कमल चौहान, वजीर ढांडा, डॉ. राजकुमार गोयल, सुमेर पहलवान, नरेंद्र नाड़ा, सुनील रायचंदवाला, मोनू रेढू, पूनम चौहान व अमनदीप बेलरखां शामिल रहे।
कंप्यूटर बोले- खून का बदला खून से ले पुलिस
इस दौरान हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर ने कहा कि बदमाशों ने ठेकेदार श्याम सुंदर का खून बहाया है। ऐसे में पुलिस को भी खून का बदला खून से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, अपराध कम नहीं होगा।
आईजी स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में बने एसआईटी
पुरानी अनाज मंडी में रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि संगठित आपराधिक गिरोहों पर निर्णायक कार्रवाई करने के लिए जींद में आईजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन होना चाहिए। ठेकेदार श्याम सुंदर के हत्यारों को एसआईटी तुरंत गिरफ्तार करे और कड़ी सजा दे। इसके अलावा श्याम सुंदर के परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। व्यापारी नितिन गोयल को भी पुलिस सुरक्षा मिले। वसूली गई रंगदारी की राशि व्यापारी को दिलाई जाए। पीसीआर की संख्या बढ़ाई जाए। रात को शहर में नाके लगाकर मुख्य मार्गों व मोहल्लों में गश्त बढ़ाई जाए। जिले भर में अपराधियों के डर से शहर छोड़ने वालों के मामलों में भी कार्रवाई हो।