06जेएनडी31: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर्मगढ़ में डिलीवरी शुरू करवाने के लिए मंगवाए गए उपकरण।
नरवाना। कर्मगढ़ गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब डिलीवरी की सुविधा शुरू की गई है। इसका लाभ आसपास के कई गांवों की महिलाओं को मिलेगा। गर्भवतियों को प्रसव के समय नरवाना या अन्य बड़े अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था। आपात स्थिति में परिजनों को एंबुलेंस की व्यवस्था, समय और खर्च की भारी परेशानी उठानी पड़ती थी।
कई बार रास्ते में ही गर्भवतियों को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब कर्मगढ़ में डिलीवरी सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं को गांव के ही अस्पताल में बेहतर सुविधा प्रसव की मिलेगी। इस सुविधा का लाभ कर्मगढ़ के साथ-साथ आसपास के गांव खानपुर, फूलिया कलां, फूलिया खुर्द, कान्हाखेड़ा सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों की महिलाओं को मिलेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि उनकी लंबे समय से यह मांग थी। इसे अब जाकर सरकार ने पूरा किया है। गांव में शुरू हुई यह पहल मातृ और शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में अहम साबित होगी। अब प्रसव जैसी संवेदनशील स्थिति में ग्रामीण महिलाओं को शहर की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें अपने गांव में ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अस्पताल में डिलीवरी कक्ष तैयार
कर्मगढ़ अस्पताल में डिलीवरी कक्ष तैयार कर लिया गया है। यहां सभी जरूरी उपकरण, दवाइयां और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब गांव स्तर पर नियमित रूप से प्रसव सेवाएं मिलेंगी।
वर्जन
कर्मगढ़ गांव के अस्पताल में महिलाओं की डिलीवरी सुविधा शुरू कर दी गई है। सामान्य प्रसव की सुविधा यहीं उपलब्ध होगी जबकि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा। हमारा संकल्प है कि हर महिला को प्रसव के दौरान सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। –डॉ. रजनीश, एसएमओ सीएचसी दनौदा ।