20जेएनडी26-कार्यालय के बाहर तहसीलदार के इंतजार में बैठे लोग। संवाद
जींद। तहसील में रजिस्ट्री करवाने वाले लोगों के लिए जारी किया फरमान तहसीलदार ने वापस ले लिया है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने तहसीलदार कार्यालय के बाहर लगाए गए नोटिस को हटवा दिया है। अब तहसील में रजिस्ट्री पांच बजे तक होंगी। तहसीलदार की ओर से पहले दो बजे तक ही कागजात चैक किए जा रहे थे लेकिन अब शाम पांच बजे तक भी यह कार्य होगा।
अमर उजाला ने बुधवार को यह समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। तहसीलदार शालिनी लाठर ने कार्यालय की दीवारों पर सूचना चस्पाई थी। सूचना में यही लिखा था कि तहसील कार्यालय जींद में वसीका पंजीकरण से संबंधित कार्य के लिए हस्ताक्षर करवाने का कार्य सुबह दस से दोपहर दो बजे तक किया जाएगा।
इस फरमान के जारी होने के बाद जो जमीन मालिक दूसरे जिलों में बसे हैं वह दो बजे के बाद भी पहुंच रहे हैं तो उन लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही थी। तहसीलदार की ओर से सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाया जा रहा था क्योंकि सरकार ने रजिस्टरी का समय सुबह नौ से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया हुआ है। इन आदेशों के बावजूद भी तहसीलदार ने खुद का नियम बना लिया था।
वर्जन
दस्तावेजों की चैकिंग के लिए दो बजे समय निर्धारित किया गया था ताकि देर बाद दस्तावेजों में खामियां मिलने पर रजिस्ट्री करवाने में परेशानी न हो।
शालिनी लाठर, तहसीलदार, जींद
वर्जन
तहसीलदार कार्यालय के बाहर लगाए गए नोटिस को हटवा दिया है। अब शाम पांच बजे तक दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
मोहम्मद इमरान रजा, डीसी, जींद