नरवाना (जींद) । किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की ओर से 16 अगस्त को किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर सोमवार को लगातार दूसरे दिन प्रशासन की सख्ती जारी रही। यहां हरियाणा-पंजाब सीमा को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर पूरी तरह सील कर रखा है।
पंजाब बॉर्डर के अलावा उझाना गांव के पास और नरवाना नहर पुल पर भी पुलिस ने नाके लगाकर वाहनों की जांच की। बॉर्डर बंद होने के कारण दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और हजारों वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से पंजाब की ओर डायवर्ट किया गया। बार्डर क्षेत्र में पंजाब की तरफ से पहुंचे करीब 51 किसान धरने पर बैठे रहे। इस दौरान हरियाणा-पंजाब के किसान नेता और समर्थक आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श करते रहे। प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए बॉर्डर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के छोड़ते ही धरनास्थल पर पहुंच गए हरियाणा के किसान
रविवार को हरियाणा की तरफ से 33 किसानों का जत्था दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर से दिल्ली की ओर रवाना हुआ था। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सदर थाना पहुंचाया था। सोमवार रात करीब दो बजे सभी किसानों को बॉर्डर के आसपास के क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इसके बाद किसान वापस धरना स्थल पर पहुंचे और पूरी रात किसानों के साथ रहे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे सभी किसान अपने घरों की ओर लौट गए।
एसपी ने बॉर्डर पर पहुंचकर जांची सुरक्षा व्यवस्था
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जींद के एसपी कुलदीप सिंह दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पहुंचे। उन्होंने मौके पर की गई बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बॉर्डर पर सतर्कता बनाए रखने और आने-जाने वाले वाहनों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
संगरूर की एसपी रवजीत कौर भी पहुंची किसानों से बातचीत करने
किसानों से बातचीत के लिए संगरूर की एसपी रवजीत कौर ग्रेवाल भी बॉर्डर पर पहुंचीं। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने उनके समक्ष किसानों की मांग रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि मंत्री के साथ किसानों की बैठक करवाई जाए। किसानों का अंतिम फैसला केंद्र सरकार के कृषि मंत्री के साथ बातचीत के बाद ही लिया जाएगा। रविवार को प्रशासन के साथ हुई दो दौर की वार्ता में भी किसानों ने यही मांग रखी थी।
बाक्स
बॉर्डर बंद होने से हजारों वाहन वैकल्पिक रास्तों पर
दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर बंद होने के कारण दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पंजाब और हरियाणा की तरफ जाने वाले हजारों वाहनों को पिपलथा और पदार्थखेड़ा के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है। उझाना के पास लगाए गए नाके पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही है। बॉर्डर क्षेत्र में बैरिकेडिंग के कारण सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रखा गया है। पुलिस और प्रशासन की चौकसी के बीच दूसरे दिन भी बॉर्डर पर स्थिति शांतिपूर्ण रही।