नरवाना। खनौरी मोर्चे पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन 37वें दिन भी जारी रहा। चिकित्सकों ने कहा कि डल्लेवाल की हालत अब ओर ज्यादा नाजुक बन गई है। सोमवार की रात से ही डल्लेवाल का ब्लड प्रेशर 78/44 तक आ गया है। इससे डल्लेवाल को बोलने में भी परेशानी हो रही है। यह चिंता का विषय है।
बुधवार को लखीमपुर खीरी लोकसभा क्षेत्र से सांसद उत्कर्ष वर्मा धौरहरा से सांसद आनंद भदौरिया व उत्कर्ष वर्मा अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ जगजीत सिंह डल्लेवाल से मिलने पहुंचे और समाजवादी पार्टी की तरफ से समर्थन पत्र सौंपा। वहीं उनके बाद बब्बू मान समेत कई कलाकार भी डल्लेवाल का हालचाल जानने के लिए खनौरी किसान मोर्चे पर पहुंचे। जजपा पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला अपना समर्थन देने के लिए खनौरी मोर्चे पर पहुंचे।
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि खनौरी मोर्चे पर किसी भी किसान ने नया साल नहीं मनाया। क्योंकि अपनी मांगों ओर हकों के लिए लगातार 37 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि चार जनवरी को खनौरी किसान मोर्चे पर होने वाली किसान महापंचायत की तैयारी के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया। इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि चार जनवरी को दो लाख से अधिक किसान खनौरी किसान मोर्चे पर पहुंचेंगे। महापंचायत को लेकर गांव-गांव में बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। डल्लेवाल किसानों के नाम अपना संदेश देंगे।