जींद। नशामुक्त हरियाणा का संदेश देती हुई साइक्लोथॉन 24 अप्रैल को जींद जिला में प्रवेश करेगी। यहां पहुंचने पर साइक्लोथॉन यात्रा का स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पांच अप्रैल को हिसार जिले से साइक्लोथॉन यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पूरे प्रदेश में जाकर यह यात्रा 27 अप्रैल को सिरसा में समापन होगी।
एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने एनआईसी के विडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यालय में बैठक के दौरान कहा कि साइक्लोथॉन यात्रा में भाग लेने के लिए आमजन हरियाणा उदय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस यात्रा में बेस्ट साइक्लिस्ट को इनाम भी दिया जाएगा। नशा मुक्ति की दिशा में कार्य करने वाले विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों को शामिल किया जाएगा। इस यात्रा की अगुवाई पुलिस विभाग की विशेष कोर टीम करेगी।
प्रदेशभर में करीब 50 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। साइक्लोथॉन यात्रा का जगह-जगह पर आमजन की ओर से स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर डीएसपी जोगेंद्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. पालेराम, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरोज देवी और जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।