बैंकों का दो दिन का अवकाश होने के कारण जिले के लोगों को कैश के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक की छुट्टी के पहले दिन ही महज दो घंटों में ही जिले के सभी एटीएम का कैश खत्म हो गया। कैश के लिए लोगों की एटीएम के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लगी रही, लेकिन दो घंटे में ही सभी एटीएम का कैश खत्म होने से लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। रोडवेज बस स्टैंड पर लगे दोनों एटीएम पर भी उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई थी, लेकिन बस स्टैंड पर लगे एटीएम भी लोगों की जरूरत पूरी नहीं कर पाए। जल्द ही इन एटीएम का भी शटर डाउन हो गया।
बाजारों में छाया सन्नाटा, दुकानदार परेशान
नोटबंदी के बाद दुकानदारों का आंकलन था कि करीब 15 दिनों के बाद बाजार में पांच सौ और दो हजार के नए नोट आने के बाद बाजारों में ग्राहक आएंगे, लेकिन शादियां होने के बावजूद बाजार में ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। दुकानदार हाथ पे हाथ धरे बैठे हैं। अब तक नरवाना क्षेत्र में पांच सौ का नया नोट नहीं पहुंचा। दो हजार का नोट कोई लेकर आए तो वापसी के लिए खुल्ले पैसे नहीं मिलते हैं।
आज बढ़ेगी परेशानी
रविवार को परेशानी और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, एटीएम रीफिल का ठेका एजेंसियों को दिया गया है, लेकिन एटीएम के लिए कैश भी बैंकों से ही जारी होता है। एलडीएम एमके झा के अनुसार रविवार को नए एटीएम नहीं चलेंगे।
कांग्रेस के जिला प्रभारी व पूर्व विधायक ने की पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, इनेलो सहित अन्य दलों ने भी झोंकी ताकत
केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले के विरोध में सभी विपक्षी दल लामबंद हो गए हैं। इसके लिए विपक्षी दलों ने 28 को भारतबंद का एलान किया है, लेकिन विपक्षी दलों के भारत बंद के फैसले पर अभी संशय बरकरार है। विपक्ष का कहना है कि नोटबंदी के कारण आम जनता काफी परेशान हैं। लोगों के पास राशन लेने के लिए पैसे नहीं हैं। वहीं, नोटबंदी के बाद से किसान गेहूं की फसल की बिजाई के लिए खाद व बीज नहीं खरीद पा रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ता नोटबंदी के कारण जनता को हो रही परेशानी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे और जनता को यह बताएंगे कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस जनता के साथ है। बाजार में जाकर दुकानदारों से दुकान बंद करने का आह्वान किया जाएगा। विपक्ष लोगों की मांगों को लेकर आंदोन कर रहा है और इसको समर्थन मिलेगा।
रघुबीर भारद्वाज, जिला कार्यालय प्रभारी, कांग्रेस, जींद
इनेलो करेगी भारत बंद का समर्थन
नोटबंदी के कारण प्रत्येक वर्ग बुरी तरह से परेशान है। इसलिए इनेलो भारत बंद का समर्थन करती है। हालांकि, बंद को लेकर अभी तक कोई विशेष रणनीति तैयार नहीं की गई है, लेकिन कार्यकर्ता व्यापारियों व दुकानदारों के बीच जाकर उनका समर्थन मांगेेंगे। -कलीराम पटवारी, जिलाध्यक्ष, इनेलो, जींद
नोटबंदी के फैसले से खुश है जनता
नोटबंदी के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन जनता प्रधानमंत्री के इस फैसले के बहुत खुश है। बड़े स्तर पर जब कोई फेरबदल होता है तो उससे थोड़ी बहुत परेशानी होती है। जनता किसी भी कीमत पर विपक्ष के बहकावे में आने वाली नहीं है। विपक्ष का भारत बंद का एलान सफल होने वाला नहीं है।
अमरपाल राणा, जिलाध्यक्ष, भाजपा, जींद
भाकपा ने हड़ताल का किया समर्थन
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की नरवाना शाखा 28 नवंबर को नोटबंदी के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लेगी। पार्टी की जिला कौंसिल जींद की बैठक शनिवार को नेहरू पार्क में कामरेड सतपाल सरोवा की अध्यक्षता में हुई। सतपाल सरोवा ने कहा कि देश की विपक्षी पार्टियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले की आलोचना करते हुए इसके खिलाफ अभियान चलाने का फैसला लिया है। बैठक में कामरेड मनीराम सरूपा बेलरखां, रामकुमार पांचाल, अमरजीत सिंह, नफे सिंह, बीरभान जांगड़ा मौजूद रहे।