गांव धड़ौली में घरेलू झगड़े में सोमवार सुबह एक दंपति ने आत्महत्या कर ली। झगड़े में महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उससे आहत होकर सेना में सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत उसके पति ने रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। दंपति द्वारा आत्महत्या की सूचना पाकर डीएसपी परमजीत समौता पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, गांव धड़ौली निवासी अनूप सिंह (40) सेना में सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत था और उसका परिवार गांव में ही रहता था। रविवार को वह छुट्टी लेकर घर पहुंचा था। जहां पर किसी बात को लेकर उसकी पत्नी शीला के साथ झगड़ा हो गया। इसके बाद उसकी पत्नी ने कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की आत्महत्या से आहत होकर अनूप ने अपने कमरे में जाकर लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला फंदे पर लटकी मिली और अनूप खून से लथपथ पड़ा हुआ था। अनूप को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को फंदे से उतारा। मृतक के भाई शमशेर ने बताया कि उसका भाई रविवार को ही छुट्टी आया था और उसकी भाई की पत्नी शीला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी कारण उसने फंदा लगा लिया। इससे आहत होकर उसके भाई अनूप ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। उसने बताया कि दोनों के बीच में किस बात को लेकर झगड़ा हुआ है, इसके बारे में कुछ भी नहीं पता है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
परिजनों के अनुसार, सूबेदार मेजर अनूप दिल्ली में कार्यरत था। उसकी पत्नी और बच्चे गांव में ही रहते थे। कई साल पहले अनूप की शादी शीला के साथ हुई और उसके बाद से वे परिवार के दूसरे लोगों से अलग रहते थे। इस घटना के बाद उसके 13 वर्षीय बेटे और 11 वर्षीय बेटी के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
सेवानिवृत्ति के कागजात तैयार कराने आया था अनूप
परिजनों के अनुसार, सूबेदार मेजर अनूप लगभग 16 साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। अब घरेलू कारणों से वह सेना से सेवानिवृत्ति लेना चाहता था। रविवार को वह सेवानिवृत्ति के कागजात तैयार कराने के लिए घर पहुंचा था, जहां रात को पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और दोनों ने आत्महत्या कर ली।
आपसी झगड़े के चलते दंपति ने आत्महत्या की है। महिला ने पहले फंदा लगा लिया। उसके बाद सेना में कार्यरत अनूप ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली मारने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही मामले की असलियत सामने आ जाएगी।
- रणबीर सिंह, मामले का जांच अधिकारी