हरियाणा के जींद में बदमाशों ने शुक्रवार रात को दो अलग-अलग जगह पेट्रोल पंपों के कर्मचारियों से 77 हजार रुपये की लूट की। इसमें उझाना गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से 65 हजार व बड़ौदा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से 12 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव उझाना में शुक्रवार रात करीब एक बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल व कुल्हाड़ी के बल पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन से 65 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हो गई है।
कैथल जिले के गांव ढुंढवा निवासी सुमित ने बताया कि वह गांव उझाना में खाकनाथ पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। रात करीब एक बजे उसके साथ सेल्समैन अभिषेक व बूथ संचालक सोनू व राहुल पंप पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर तीन लड़के आए और सबसे पीछे वाले युवक ने पिस्तौल व बीच वाले ने कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी से किया गया वार सोनू के पेट पर लगा। इसके बाद उन्होंने उनसे रुपये मांगे, तो उन्होंने मना किया। उन्होंने फायर किया, जिसके बाद जान बचाने के लिए 65 हजार रुपये उनको दे दिए। फिर वे बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गढ़ी थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार के अनुसार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। पुलिस आरोपियों का पता लगा रही है।
खटकड़ पेट्रोल पंप लूट पुलिस ने नाकाबंदी कर चलाया तलाशी अभियान
उचाना। बाइक सवार अज्ञात युवकों ने शुक्रवार रात को खटकड़ गांव स्थित पेट्रोल पंप से पिस्तौल के बल पर सेल्समैन से 12 हजार की नकदी लूट ली और फरार हो गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खटकड़ के पास स्थित पेट्रोल पंप पर उसके मालिक कृष्ण और सेल्समैन मौजूद थे। रात को लगभग 10 बजे बाइक पर तीन युवक आए और मारपीट कर पिस्तौल के बल पर 12 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन लुटेरे युवकों का कोई सुराग नहीं लगा। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि लुटेरे बाइक सवारों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया है। आसपास क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
संवाद