ट्रेन का आगे कूद गए युवक और युवती।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के जींद में दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग के उचाना स्टेशन पर लड़का और लड़की मालगाड़ी के आगे कूद गए। हालांकि गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई, लेकिन दोनों को घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल उचाना पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। रिश्ते में दोनों चाचा-भतीजी लगते हैं। युवक शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। इसलिए दोनों ने एक साथ जान देने की कोशिश की है।
सूचना मिलते ही जीआरपी डीएसपी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव कहसुन गांव का 23 वर्षीय युवक और 18 वर्षीय युवती सोमवार को बाइक पर सवार होकर उचाना आए थे। युवती बीए प्रथम की छात्रा है। सोमवार को उसका संस्कृत विषय का पेपर था। घर से वह पेपर देने की बात कहकर आई थी। वह पेपर देने की बजाए युवक के साथ उचाना रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई।
इसके बाद दोनों ने दिल्ली की तरफ से आ रही मालगाड़ी के छलांग लगा दी। मालगाड़ी से टकराने के बाद दोनों ट्रैक के दूसरी तरफ जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। जीआरपी ने दोनों को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल उचाना पहुंचाया, जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया।
जीआरपी थाना प्रभारी चरण सिंह युवक-युवती को घायल हालत में नागरिक अस्पताल उचाना भिजवाया था, जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।