पिछले एक माह से अपहृत लड़की का पुलिस द्वारा कोई सुराग नहीं लगाए जाने से खफा चाबरी व आसपास के गांव की पंचायत शुक्रवार को डीसी विनय सिंह तथा एसएसपी अभिषेक जोरवाल से मिली।
पंचायत ने पुलिस पर आरोपियों के साथ मिलीभगत कर कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया। पंचायत ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दो दिन के अंदर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वह रोड जाम करने पर मजबूर होंगे।
डीसी विनय सिंह, एसएसपी अभिषेक जोरवाल से मिलने पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि गत नौ मार्च को चाबरी गांव निवासी कपूर सिंह की लड़की पढ़ने के लिए स्कूल जा रही थी।
इसी दौरान निडाना निवासी सुनील, मनजीत तथा मोहमदाबाद निवासी सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी बेटी का अपहरण कर लिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत जींद सदर पुलिस को दी लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि परिजनों द्वारा आरोपियों के खिलाफ सभी सबूत पुलिस को दिए गए थे लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इसको लेकर वह कई बार एसएसपी से भी मुलाकात कर चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाए कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।