शहर की वार्ड छह निवासी एक महिला ने दो युवकों पर उसके दिए गए चेक से छेड़छाड़ करके दो लाख रुपये निकालने के आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसने दोनों युवकों को 200 रुपये का चेक दिया था, लेकिन दोनों युवकों ने बैंक के कर्मचारियों से मिलीभगत करके चेक से छेड़छाड़ की और उसके खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए। महिला ने आरोप लगाया कि वह 16 माह से बैंक से चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। महिला ने अब इसकी शिकायत सफीदों थाना पुलिस में दी है।
वार्ड छह निवासी अनीता देवी ने सफीदों थाना पुलिस मे दी शिकायत में बताया कि 22 दिसंबर 2015 को नवीन सैनी ने उससे 200 रुपये उधार पर मांगे थे। नकद न होने के कारण उसने 200 रुपये का चेक दे दिया था। महिला ने बताया कि नवीन ने अपने भाई सन्नी सैनी से मिलकर चेक के साथ छेड़छाड़ की और 200 की जगह पर दो लाख रुपये कर बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर उसके खाते से पैसे निकलवा लिए। इस बारे काफी समय के बाद उसे पता चला। उसने नवीन और सन्नी से बात की, तो उन्होंने उसे पैसे लौटाने की बात कही, लेकिन आज तक उन्होंने पैसे नहीं लौटाए। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि ये पैसे बैंक कर्मियों की मदद से ही निकाले जा सके है। इसलिए उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधक, कैशियर, नवीन और सन्नी के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच जारी, होगी कार्रवाई
मामले के जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि मामले में अभी जांच चल रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैंक जांच के लिए तैयार
बैंक प्रबंधक तरुण कुमार ने कहा कि महिला के लगाए आरोप बेबुनियाद है। महिला ने उनके बैंक से खाता भी बंद करवा दिया था। आज महिला का आरोप लगाना गलत है। बैंक के पास महिला के दिए चेक और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। बैंक ने सभी कागज दिखा दिए हैं। चेक में किसी प्रकार की कोई कटिंग नहीं है, जिससे किसी व्यक्ति पर शक किया जाए। बैंक सभी तरह की जांच के लिए तैयार है।