मंडी चौकी प्रभारी कृष्ण खर्ब के नेतृत्व में वार्ड 13 के अवैध शराब के खुर्दे को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। जुलाना पुलिस ने कई स्थानों पर छापामारी कर वार्ड में अवैध शराब नहीं बेचने के लिए लोगों को नसीहत दी। सोमवार को कस्बे के वार्ड 13 में स्थित अवैध शराब के ठेके को हटवाने की मांग को लेकर दर्जनों महिलाएं जुलाना की पुरानी अनाज मंडी स्थित पुलिस चौकी में पहुंची थी। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से वार्ड से शराब का ठेका और मीट की दुकान हटाने की मांग की थी। पुलिस चौकी पहुंची शीला देवी, सुनीता, रेखा, मीना, दर्शना ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वार्ड 13 में जो शराब का ठेका बना है वहां से महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है। यहां से शराबी शराब खरीदते है और पीते और महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। कई बार तो छेड़खानी भी कर देते हैं। प्रतिदिन पेयजल के लिए उन्हे ठेके के आगे से होकर गुजरना होता है। इसी को लेकर मंडी चौकी प्रभारी ने टीम गठित करके जुलाना के कई स्थानों पर अवैध रूप से चल रहे शराब के ठेकों पर छापामारी की और जिन लोगों की शिकायत आई हुई थी उन्हें शराब नहीं बेचने की नसीहत दी।
होगी कड़ी कार्रवाई
वार्ड 13 की महिलाओं की शिकायत आई थी कि वार्ड में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इसी को लेकर पुलिस ने कई स्थानों पर छापामारी की। लोगों को ऐसा न करने की नसीहत दी गई है। अगर कोई ऐसी हरकत करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -कृष्ण खर्ब, मंडी चौकी प्रभारी जुलाना।