फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाटों ने की जमीन तैयार, प्रशासन ने कसी कमर

Sat, 28 Jan 2017 12:18 AM IST
अमर उजाला ब्यूराो, जींद
विज्ञापन
लाइन में तैनात आरएएफ की टुकड़ी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने रविवार से शुरू किए जा रहे जाट आरक्षण के लिए धरने की तैयारियों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया। समिति ने ईक्कस गांव के पास धरना स्थल की जमीन तैयार की। इसमें जिस खेत में धरना देना है, वहां गेहूं की खड़ी फसल को काट दिया। वहीं रोड से खेत का रास्ता भी गेहूं की फसल काटकर तैयार किया गया। दूसरी ओर प्रशासन ने कमर कस ली। पुलिस और आरएएफ ने शहर भर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च निकालते हुए पुलिस और आरएएफ की टीम ईक्कस गांव में धरना स्थल तक पहुंची। वहीं पुलिस कर्मचारियों को डीआरडीए हॉल में खास ट्रेनिंग दी गई।

गौरतलब है कि अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति 29 जनवरी से प्रदेश भर में धरना देगी। इसके तहत जींद जिला में हिसार रोड पर शहर से निकलते ही ईक्कस गांव के पास धरना स्थल तय किया गया है। गौरतलब है कि करीब आठ माह पहले जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने खटकड़ गांव के पास धरना दिया था। तब भी समिति के ही एक सदस्य ने अपना बाजरे का खेत दिया था। इस बार समिति के जिलाध्यक्ष वीरभान ढुल ने अपना करीब दो एकड़ खेत दिया है। इसमें गेहूं की फसल की बिजाई की गई है। फिलहाल करीब आधा एकड़ में गेहूं की फसल की कटाई की गई है। वीरभान ढुल के अनुसार जितनी जरूरत पड़ेगी, इसी हिसाब से खेत को खाली कर दिया जाएगा।
विज्ञापन


दो कंपनी आरएएफ पहुंची पुलिस लाइन
सुरक्षा के मद्देनजर वीरवार रात दो कंपनी आरएएफ की पहुंची। शुक्रवार को आरएएफ ने पुलिस के साथ मिलकर फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान एसएसपी शशांक आनंद, एएसपी लोकेंद्र सिंह तथा आरएएफ कमांडर एसएम हबीब असगर भी शामिल रहे। दोपहर बाद डेढ़ बजे पुलिस लाइन से निकलकर सुरक्षाबलों का काफिला रानी तालाब से होते हुए पटियाला चौक, ईक्कस, रामराये, राजपुरा, ईंटल तक गया। वापसी में रोहतक रोड होते हुए पुलिस लाइन पहुंचा।

एक कंपनी जींद और एक सफीदों में
एएसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र से आरएएफ की दो कंपनियां आई हैं। एक कंपनी को सफीदों में और एक कंपनी को जींद मेें तैनात किया गया है। इसके अलावा जवानों को थाना क्षेत्र के अनुसार भी लगाया गया है। गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में हुए आंदोलन में सफीदों में दो लोगों की जान चली गई थी।

सफीदों में भी फ्लैग मार्च
सफीदों में सरकार ने बीएसएफ 120 जवानों की तैनाती की है। डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को कस्बे में सेना के जवानों सहित पुलिस ने शांति फ्लैग मार्च निकाला। डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गत वर्ष सफीदों में जाट आरक्षण के आंदोलन मेें हुए उत्पात जैसा इस बार कुछ नहीं होने दिया जाएगा। शहर और गांव स्तर पर लोगों की मदद से शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वैसे भी आरक्षण का मामला कोर्ट में है। फिर भी क्षेत्र में शांति के लिए पुलिस और सेना का हर जवान मुस्तैद है।

समिति ने साधा खापों पर निशाना
शुक्रवार को समिति ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कुछ लोगों ने पिछले साल 18 जाट युवाओं की मौत के बाद भी सरकार को मिठाई खिलाई। ढुल ने ऐसे लोगों को भूखी बिल्लियां बताया और कहा कि जब जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने फिर से आरक्षण का अभियान शुरू किया, फिर से इन्हीं संगठनों ने समाज में भ्रांति फैलानी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि वीरवार को सोनीपत में हुई बैठक में खापों ने खुद को आंदोलन से अलग कर लिया था।

पल्स पोलियो अभियान रद्द
जाट आरक्षण आंदोलन के चलते जिला प्रशासन ने 29 जनवरी शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान रद्द कर दिया है। कुछ दिन बार दोबारा से अभियान का शेड्यूल तैयार किया जाएगा। 29 से 31 जनवरी तक यह अभियान चलना था। सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया के अनुसार कुछ दिन के बाद दोबारा नई तारीखें तय की जाएंगी।

प्रशासन ने बनाई रणनीति
 जिला प्रशासन ने जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान अपनी रणनीति बनाई है। इसके तहत डीआरडीए हाल में जिला डीसी विनय सिंह व एसएसपी शशांक आनंद ने अधिकारियों और सुरक्षा बालों की मीटिंग ली। डीसी विनय सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं हो इसके लिए प्रयास किए जाएं। डीसी के अनुसार कई बार धरना के दौरान कुछ असामाजिक तत्व होते हैं, जो हिंसा के पक्ष में होते हैं। इसका परिणाम गलत साबित होता है। सभी अधिकारियों को चाहिए कि वह विवेक से काम लें। अपनों के बीच अपनों की बात कर समझाने का काम करें। अफवाहों पर ध्यान नहीं देकर उन पर विराम लगाएं। डीसी ने अधिकारियों को डेली रिपोर्ट देने के दिए आदेश दिए।
विज्ञापन


शांतिपूर्ण होगा आंदोलन
जिला स्तर पर ईक्कस गांव में शांतिपूर्वक धरना चलेगा। लोकतांत्रिक तरीके से जाट समेत छह जातियों के लोग आरक्षण मांग रहे हैं। सरकार द्वारा पैरामिलिट्री फोर्स बुलाकर और प्रशासन फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में भय पैदा किया जा रहा है। धरने पर भाईचारा कायम रखने के लिए हवन किया जाएगा। - वीरभान ढुल, जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें