नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ ने गांव बीबीपुर के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक में सवार जींद निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ सदर थाना जींद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार के अनुसार, उपनिरीक्षक जयबीर के नेतृत्व में पुलिस टीम घीमाना में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ट्रक में नशीला पदार्थ लेकर गांव खांडा की तरफ से जींद आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गांव बीबीपुर के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए नंबर का ट्रक वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रुकवा लिया। ट्रक में सवार व्यक्तियों की पहचान आश्रम बस्ती निवासी प्रगट सिंह उर्फ गौरव और हनुमान नगर निवासी नरविंद्र के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर ट्रक में रखे दो कट्टों से कुल 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
सदर थाना जींद में मामला दर्ज, अदालत में पेश किए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर जींद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15बी/61/85 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक उपासना के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जींद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि नशे के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाया जा सके।