गांव पिंडारा में पंचायती फंड का दुरुपयोग करने के पूर्व सरपंच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी महेंद्र सिंह ने 12 जुलाई को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि पूर्व सरपंच नरेश कुमार ने पंचायती फंड में गबन किया है।
जांच में सामने आया कि पूर्व सरपंच नरेश ने पंचायती खाते से 12 जनवरी 2010 को 30 हजार ईंट खरीदी हुई दिखाई गई है, लेकिन इन ईंटों का रिकार्ड में किसी भी जगह पर प्रयोग नहीं दिखाया गया है। जिसके चलते पूर्व सरपंच ने ईंट खरीदकर पंचायती फंड का चूना लगाया है। बीडीपीओ की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व सरपंच नरेश के खिलाफ गबन का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी पूर्व सरपंच नरेश को गिरफ्तार कर लिया।