मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब प्रदेश में सभी इमरजेंसी सेवाओं के लिए जल्द ही एक कॉमन नंबर 112 शुरू होगा। हरियाणा पुलिस पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जल्द इसे शुरू करने जा रही है। इसके तहत फायर ब्रिगेड, पुलिस, एंबुलेंस सहित सभी आपातकाल सेवाओं के लिए अलग-अलग नंबर डायल करने की बजाय 112 नंबर मिलाना होगा। पंचकूला में पुलिस हेडक्वार्टर में इसका कंट्रोल रूम होगा। आईजी लॉ एंड ऑर्डर अरशिंद्र सिंह चावला ने शनिवार को डीआरडीए के कॉन्फ्रेंस हाल में पुलिस के आला अधिकारियों की बैठक में यह बात कही।
बैठक में एसएसपी शशांक आनंद, सभी डीएसपीए थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विंग के सभी इंचार्ज ने भाग लिया। आईजी लॉ एंड आर्डर अरशिंद्र सिंह चावला ने बताया कि 112 नंबर डायल करते ही हेडक्वार्टर से तुरंत संबंधित विभाग के पास इसका मैसेज जाएगा। मैसेज पर सूचना, तारीख, समय अंकित हो जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय हो जाएगी। इससे कोई कर्मचारी यह नहीं कह सकेगा कि उसे सूचना नहीं मिली थी। क्योंकि अभी तक लोगों की यह शिकायत रहती है कि सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। मैसेज मिलते ही पुलिस को घटनास्थल पर जाकर रिपोर्ट करनी होगी।
सभी अधिकारियों की परफॉरमेंस तय होगी
आईजी लॉ एंड ऑर्डर अरशिंद्र सिंह चावला ने कहा कि पुलिस कर्मियों के लिए जिला स्तर पर एक ऐसी व्यवस्था शुरू की गई है जिससे सभी अधिकारियों की परफॉरमेंस तय होगी। उसी के अनुसार हर अधिकारी की परफॉरमेंस इंडीकेटर्स (केपीआई) से प्वाइंट तय किए जाएंगे। जिला स्तर पर हर पुलिस अधिकारी के लिए मानक बनेंगे और उन्हीं मानकों के तहत उनकी कार्यशैली तय होगी। आईजी चावला ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए विभाग में अच्छे तरीके से कार्य करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि कोई भी नया काम शुरू करने के लिए शुरू में दिक्कत आती है, लेकिन वही काम लगातार करने से फिर अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर पुलिस अधिकारियों की शिकायत रहती थी की वो अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन उनके काम के अनुसार उनको नहीं आंका जा रहा। अब की परफॉरमेंस इंडीकेटर्स के तहत किसी को शिकायत का मौका नहीं मिलेगा और उसी के आधार पर पुलिस अधिकारियों की सालाना रिपोर्ट तय होगी। उन्होंने हरियाणा में जिला स्तर पर खोले गए महिला थानों की सराहना करते हुए कहा कि इसमें और नया काम करने की जरूरत है। हरियाणा पुलिस एचसीसी हरियाणा कैडेट कोर शुरू कर रही है, जिसका युवाओं को फायदा होगा।
एसपी कार्यालय में हर समय ऑनलाइन पोर्टल की टच स्क्रीन मशीन शुरू
जींद (ब्यूरो)। पुलिस की हर समय ऑनलाइन पोर्टल की टच स्क्रीन मशीन शनिवार से एसएसपी कार्यालय में शुरू हो गई। आईजी लॉ एंड ऑर्डर अरशिंद्र सिंह चावला ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसएसपी शशांक आनंद और अन्य अधिकारी मौजूद थे। आईजी चावला ने कहा कि लघु सचिवालय में आने वाले लोग इस मशीन से 24 घंटे आनलाइन शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्किंग का दौर है। इसलिए समय के अनुसार नए तरीके से काम हो ताकि नई तकनीक का फायदा हो।
मशीन से इन 14 पॉइंट का होगा फायदा
नेट के माध्यम से शिकायत देना, आरटीआई जानकारी, गुमशुदगी दर्ज, साइबर कैफे बार सूचना, होटल प्रयोग सूचना, पब्लिक रिलेशन की सूचना, जुलूस समूह के लिए अनुरोध, विरोध के लिए अनुरोध, धरना प्रदर्शन के लिए अनुरोध, चरित्र सत्यापन के लिए अनुरोध, घरेलू सहायता, निजी सुरक्षा एजेंसी सत्यापन अनुरोध और कर्मचारी सत्यापन अनुरोध का फायदा होगा।