जींद में ह्यूमन वेलफेसर क्रेडिट एंड थ्रीफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी की बांड पॉलिसी में निवेश के बाद मैच्योर हुए 57 लाख रुपये की राशि हड़पने के आरोप में सोसायटी के वरिष्ठ मैनेजर के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोहाना के पास स्थित गांव ईसापुर खेड़ी निवासी बिजेंद्र ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह जींद के गोहाना रोड रोहतक बाइपास के नजदीक ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रीफ्ट कॉ-ऑपरेटिव सोसाइटी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
सोसाइटी में एफडी और आरडी के खाते खोले गए
उसके साथ उसके वरिष्ठ मैनेजर संजय कुमार गांव ईसापुर खेड़ी निवासी भी सोसाइटी में कार्यरत था। इस सोसाइटी में एफडी और आरडी के खाते खोले जाते हैं। उनके पास शिकायत आई है कि नारायण निवासी निजामपुर, सोनीपत की 13 पॉलिसी, जिनकी मेच्योरिटी राशि 7 लाख 78217 रुपए थी, सुमित निवासी बिचपड़ी की 12 पॉलिसी, जिनकी मेच्योरिटी 10 लाख 85 हजार 723 रुपए थी। सोसाइटी प्रमोटर सुभाष लठवाल गांव मुंढलाना जिला सोनीपत की 5 पॉलिसी, जिनकी मेच्योरिटी 26 लाख 79 हजार 655 रुपये, आजाद गांव बुटाना सोनीपत की एक पॉलिसी, जिसकी मेच्योरिटी राशि 6 लाख 40 हजार 050 रुपये, राममेहर निवासी जागसी जिला सोनीपत की 4 पॉलिसी, जिनकी मेच्चोरिटी राशि 5 लाख 19 हजार 211 रुपये थी।
पुलिस ने मामला दर्ज शुरू की कार्रवाई
इन सब की मेच्योरिटी राशि को वरिष्ठ मैनेजर संजय कुमार ने कहीं ओर से निकलवा लिया। इन सभी पॉलिसी धारकों की कुल राशि 57 लाख 2 हजार 856 रुपये बनती है। संजय कुमार ने सोसाइटी से पैसे तो निकलवा लिए, लेकिन पॉलिसीधारकों को राशि नहीं दी। अब पॉलिसी धारक उनके सोसाइटी ऑफिस में आकर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजय कुमार ने सोसाइटी और पॉलिसीधारकों के साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने बिजेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।