थाना क्षेत्र के एक गांव में मामी के साथ प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक के नाना के शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। गांव निवासी एक व्यक्ति ने सफीदों थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका नाती पिछले तीन सालों से उसके पास रहकर पढ़ाई करता है।
30 सितंबर को देर शाम गांव निवासी मनोज, काला और उसकी पत्नी पिंकी समेत रणबीर और उसकी पत्नी ने उसे फांसी के फंदे पर लटकाकर मारने की कोशिश की है। इसकी भनक उसे लग गई और वह मौके पर पहुंच गया और उसे फंदे से उतारकर अस्पताल में दाखिल कराया। पीजीआई रोहतक में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार पीड़ित के नाना व उसके चाचा ने बताया कि पीड़ित का रिश्ते में मामी लगने वाली एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चलने के शक पर ही उन्होंने उसे जान से मारने का प्लान बनाया था।
उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले वह उसको लेकर लापता हो गया था। इस पर एक व्यक्ति ने उस पर पत्नी को भागाकर ले जाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पीड़ित तीन महीने तक जेल में भी रहा था। बाद में दोनों पक्षों में पंचायती तौर पर समझौता हो गया था। लेकिन अब उक्त सभी ने पीड़ित को जान से मारने का प्लान बनाकर ये कार्य किया है। पीड़ित का फिलहाल रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है, जिसकी अभी काफी गंभीरावस्था बनी हुई है। पुलिस ने महेंद्र की शिकायत पर गांव निवासी रघबीर, काला, मनोज, पिंकी तथा मनोज, रघबीर की पत्नी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।