जींद। रोहतक रोड बाईपास के नजदीक ट्राला चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 41 वर्षीय जगबीर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव किनाना निवासी जयबीर ने कहा कि वह गांव किनाना में किराने की दुकान चलाता है। उसका 41 वर्षीय भाई जगबीर जींद में राज मिस्त्री का काम करता था। शाम को लगभग सात बजे वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव जा रहा था। उसके थोड़ी आगे उसका भाई जगबीर बाइक पर चल रहा था। जब वह लोग रोहतक रोड बाईपास के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्राला चालक ने ट्राले को लापरवाही व तेज रफ्तार से चलाते हुए उसके भाई की मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जगबीर के शव का मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जयबीर की शिकायत पर ट्राला चालक राजस्थान के अजमेर के गांव पीपलीया निवासी सुरेश चंद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।