रोडवेज बस ने चार साल के बच्चे को कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। जींद रोड स्थित लाजपत ईंट भट्ठे के पास हरियाणा रोडवेज के बस चालक ने चार साल के बच्चे को बस से कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद गुस्साएं परिजनों ने जींद-पानीपत रोड को जाम कर दिया। रोड जाम करने की सूचना मिलते ही एसडीएम मनदीप कुमार, तहसीलदार वजीर सिंह, नायब तहसीलदार रामपाल व थाना प्रभारी समरजीत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात कर रोडवेज बस चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर करीब एक घंटे के बाद जाम खुलवाया। जाम से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
मरने वाले बच्चे के पिता विजेंद्र ने बताया कि उसका लड़का उदय राज अपनी मां के साथ सफीदों गया हुआ था। जैसे ही वे सफीदों से ऑटो से आकर लाजपत राय भट्ठे के पास उतरे तो सड़क पार करते समय रोडवेज बस के ड्राइवर ने बच्चे को बस से कुचल दिया। इससे बेटे की मौत हो गई। रोडवेज चालक मौके से फरार हो गया। एसडीएम मनदीप कुमार व तहसीलदार वजीर सिंह के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोला। इसके बाद एंबुलेंस से शव को सफीदों के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ समरजीत ने पुलिस ने शव का कब्जे में ले लिया है। जिसका सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाऐगा। परिजनों के ब्यान दर्ज कर बस चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।