अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। गांव करसोला में गत रात्रि दो भाइयों का झगड़ा हो गया। झगड़े में शराबी बारूराम को उसके भाई सुरेंद्र उर्फ संजय ने लाठी और डंडो से पीट डाला। इससे उसे गंभीर चोटें आई और सुबह बारूराम की मौत हो गई। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
करसोला गांव निवासी बारूराम (45) शराब पीने का आदी था। शराब पीकर वह भाई के परिवार के साथ झगड़ा करता था। बारूराम के परिजनों ने बताया कि उसकी 2009 में शादी हुई थी लेकिन शराब की लत से तंग आकर बारूराम की पत्नी उसे छोड़ कर चली गई। उसके बाद से वह अपने भाई सुरेंद्र के पास ही रहता था। गत रात्रि भाई के साथ उसका झगड़ा हो गया जिसमें सुरेंद्र उर्फ संजय ने उसे लाठी और डंडो से पिटाई कर दी। इसमें बारूराम को गंभीर चोटें आई और अलसुबह ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि करसोला गांव में एक भाई ने अपने भाई को पीट दिया जिसमें उसे गंभीर चोटें आई। चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी सुुरेंद्र उर्फ संजय को हिरासत में लेकर पुछताछ शुरू कर दी है।
-सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, जुलाना।