स्मैक सहित बाइक सवार युवक काबू
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
गांव खरल के निकट पुलिस ने बाइक सवार युवक को स्मैक सहित काबू किया। आरोपी के कब्जे से 14 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके पूछताछ शुरू कर दी।
गढ़ी थाना पुलिस वीरवार शाम को ग्रामीण क्षेत्रों की गश्त कर रही थी। खरल के पास टीम को सूचना मिली कि कोई युवक स्मैक लेकर बाइक से आ रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर रास्ते में नाका लगाया। इसी दौरान एक युवक बाइक को लेकर आया और पुलिस को देखकर वापस बाइक मोड़कर जाने लगा। पुलिस ने उसका पीछा करके काबू कर लिया। जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 14 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव दोदड़ा पटियाला निवासी हरदीप के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।