अमर उजाला ब्यूरो
जींद। उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक का एक कर्मचारी फाइनेंस की राशि का कलेक्शन करके जींद लौट रहा था तो रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर उससे दो लाख 47 हजार 300 रुपये लूट लिए व उसका पर्स व मोबाइल छीन लिया। पर्स में अलग से चार हजार रुपये थे। लूट को अंजाम देकर युवक फरार हो गए। सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी मनदीप कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी करवा दी। काफी तलाश के बाद भी लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हुडा कांप्लेक्स स्थित उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक में मिर्चपुर गांव निवासी कृष्ण कुमार काम करता है। उसका काम आसन व खरक रामजी गांव से ग्रुप समूहों से फाइनेंस की किश्त इकट्ठा करके बैंक में जमा कराना है। वीरवार दोपहर पौने एक बजे वह खरक रामजी व आसन से कलेक्शन करके जींद लौट रहा था। वह आसन व खरक रामजी गांव के बीच में पहुंचा तो सड़क पर खड़े एक युवक ने उसे लाठी दिखाकर रोकने की कोशिश की। इससे कृष्ण डर गया और अपनी बाइक आसन की तरफ घुमा दी। इतने में सामने से आ रही एक बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इस पर दो युवक सवार थे। एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर कहा कि जो कुछ उसके पास है, वह दे दे। इसके बाद दूसरे युवक ने उसकी पीठ पर बंधा बैग छीन लिया, जिसमें दो लाख 47 हजार 300 रुपये थे। एक युवक ने उसकी जेब से पर्स व मोबाइल छीन लिया। कृष्ण ने बताया कि तीनों युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। कृष्ण ने कहा कि उसने राहगीर का मोबाइल लेकर ब्रांच मैनेजर को फोन किया। ब्रांच मैनेजर ने सूचना पुलिस को दी। कृष्ण ने कहा कि तीनों युवकों ने कपड़े से अपने चेहरे को ढका हुआ था।
लुटेरों की तलाश जारी
सदर थाना प्रभारी मनदीप कुमार ने कहा कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आसपास तलाशी अभियान चलाया लेकिन युवकों का सुराग नहीं लगा। फिलहाल पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज किया। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।