गाड़ी से 16 लाख रुपये मिलने के मामले में चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। देर रात गोहाना रोड पर पुलिस को एक गाड़ी से मिली 16 लाख रुपये की राशि के मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों को जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि यह राशि यह लोग कहां से लाए थे और कहां लेकर जा रहे थे। जांच के बाद ही इस मामले का खुलासा होगा।
बताते चलें कि रात को लगभग 10 बजे गोहाना रोड पर कोर्ट के सामने पुलिस ने जब एक गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें 16 लाख रुपये की राशि मिली। इस रकम के बारे में गाड़ी में सवार चार लोग कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। गाड़ी में बैठे लोगों ने अपनी पहचान गांव ईगराह निवासी देवेंद्र, अनिल, संदीप व लोधर निवासी भीम सिंह के रुप में बताई। पुलिस ने तुरंत चारों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सोमवार को पुलिस ने चारों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी वीरेंद्र खर्ब ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह राशि चारों लोग कहां से लेकर आए थे और कहां लेकर जा रहे थे।