हैडिंग : गांव गदौली में घर के बाहर से किशोरी के अपहरण का प्रयास, पिता के शोर मचाने पर आए ग्रामीणों ने हाथापाई कर तीन को दबोचा
-पुलिस ने दर्ज किया मामला, फरार दो आरोपियों की तलाश शुरू
-रविवार शाम को स्वीफ्ट कार से आए थे कुछ युवक, ग्रामीणों ने दिखाया साहस
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी किशोरी को कुछ कार सवार युवकों ने अगवा करने का प्रयास किया। पिता के शोर मचाने पर मौके पर आये ग्रामीणों ने हाथापाई के बाद तीन आरोपियों को दबोच लिया। उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 511, 279, 323 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
गांव गदौली निवासी सुनील कुमार ने थाना नारायणगढ़ में दी शिकायत में कहा कि रविवार शाम वह अपने मकान में मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उसने अपनी बेटी को पानी पिलाने को कहा। उसकी बेटी पानी लेकर घर से बाहर आई। इसी दौरान वहां पर आकर रुकी एक स्वीफ्ट कार में सवार कुछ युवकों ने उसकी बेटी को अगवा करने का प्रयास किया। सुनील कुमार के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख कार सवारों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान सभी ने कार को रुकवा लिया। कार सवार युवकों के साथ ग्रामीणों की हाथापाई भी हुई। गांव वालों ने उनमें से तीन युवकों को काबू कर लिया। दो युवक मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। युवकों को सरपंच के सुपुर्द कर दिया। उनकी पहचान विकास कुमार, अभिषेक व सौरभ वासीयान गांव लखनौरा के रूप में की गई। पुलिस ने गदौली निवासी सुनील की शिकायत पर आरोपी युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 511, 279, 323 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।