अमर उजाला ब्यूरो
जींद। फर्जी फर्म बनाकर एचडीएफसी बैंक से 21 करोड़ 15 लाख रुपये का लोन लेने के मामले में शहर थाना पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक एक दर्जन से ज्यादा फर्म संचालक गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने 45 फर्म संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एचडीएफसी बैंक पानीपत शाखा के मैनेजर अनुभव पसरीजा ने 26 जनवरी 2016 को शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि जींद के 45 फर्म संचालकों ने फर्जी फर्म बनाकर बैंक से 21 करोड़ 15 लाख रुपये का लोन ले लिया है। इसके बाद जब जांच हुई तो सभी फर्म फर्जी पाई गईं। पुलिस ने पसरीजा की शिकायत पर नई अनाज मंडी की बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के संचालक मनोज कुमार, पुरानी सब्जी मंडी की अनुज ट्रेडिंग कंपनी के विजय कुमार, गांव भैरोखेड़ा की सालासर फीड मिल के संचालक जितेंद्र, जनता बाजार की शिव बिल्डिंग मैटीरियल के संचालक राकेश जैन, रोहतक रोड बाईपास की गिरीजी बिल्डिंग मैटीरियल के संचालक राजेश गिरी समेत 45 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच करते हुए मंगलवार को राजेंद्रा कॉलोनी निवासी आशीष बंसल उर्फ आशू को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को पुलिस ने इस मामले में राकेश जैन को गिरफ्तार किया था। डीएसपी धर्मबीर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।