जुलाना। प्रेमिका जब ब्लैकमेल करने लगी तो रोहतक जिले के एक युवक ने मालवी गांव में आकर जहर निगल लिया। जहर के प्रभाव से युवक की हालत बिगड़ने लगी तो उसे जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने जहर खाने वाले युवक के खिलाफ आत्महत्या करने का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक जिले के कलानौर के वार्ड नंबर 12 निवासी 33 वर्षीय गणेश अपनी रिश्तेदारी में मालवी गांव में आया हुआ था। 28 मई को दोपहर बाद गणेश की हालत बिगड़ने लगी। उसको उलटियां हुईं और चक्कर आने लगा। गणेश की हालत बिगड़ती देखकर उसको जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया। इसकी भनक जुलाना पुलिस को लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के बयान लिए और आत्महत्या करने का कारण पूछा। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह लड़की उसे अब ब्लैकमेल करने लगी है। बार-बार उससे रुपये की मांग कर रही है। इसी कारण उसने जहर निगला है। पुलिस ने युवक के खिलाफ आत्महत्या करने का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला दर्ज कर जांच जारी
रोहतक जिले का एक युवक मालवी गांव में आया हुआ था। उस युवक ने जहर निगल लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया है कि उसकी प्रेमिका उसे ब्लैकमेल कर रही है। इसी कारण उसने जहर खाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामतीर्थ, जुलाना थाना प्रभारी।