दो हादसों में कार सवार दो लोगों की मौत
मृतक सुनील कुमार पत्नी को पेपर दिलाने लाया था तो दूसरा देवेंद्र पत्नी को स्कूल छोड़कर जा रहा था घर
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों।
कस्बे के बाईपास पर बने एक्स चौक पर एक कार व ट्रक की सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जींद के रोहतक रोड निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार चालक को अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के चचेरे भाई कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुनील अपनी पत्नी को सफीदों कन्या कॉलेज में बीएड की परीक्षा दिलाने के लिए आया था। वह पत्नी को कॉलेज में छोड़कर करीब 11 बजे जींद रोड की तरफ आया तो अचानक एक ट्रक चालक ने उसकी स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी, जिससे सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। एसएचओ रामनिवास ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
---
वहीं गांव हाडवा के पास अनियंत्रित होकर एक कार पेड़ से टकरा गई, जिससे जामनी निवासी देवेंद्र की मौत हो गई। उसके साथ कार में बैठे विकाश के अनुसार देंवेद्र अपनी पत्नी को गांव के स्कूल में छोड़ कर वापस जामनी की ओर जा रहा था, रास्ते में उसका फोन आ गया। फोन को पेंट की जेब से निकालते समय गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।