भारत माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड से लूटे गए चार लाख 45 हजार रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। भिवानी रोड के भूपेंद्र नगर स्थित भारत माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड से डेढ़ महीने पहले डेढ़ म लूटे गए छह लाख 98 हजार रुपये में से पुलिस ने चार लाख 45 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लूटे गए रुपये में से दो लाख 53 हजार शराब और अय्याशी में उड़ा दिए। सोमवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के लिए छह जुलाई को भारत माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मैनेजर नरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि कंपनी ने भिवानी रोड के भूपेंद्र नगर में मकान किराए पर लेकर अपना कार्यालय खोला हुआ है। पांच जुलाई को रात को तीन-चार युवक आए और उस समय काम कर रहे दस स्टाफ सदस्यों को हथियारों के बल पर काबू करके एक कमरे में बंद कर दिया और कंपनी से छह लाख 98 हजार रुपये की राशि को लूटकर फरार हो गए। डकैती डालने वाले युवकों में कंपनी का पूर्व कर्मचारी गांव राजपुरा भैण निवासी बिट्टू भी शामिल था। शहर थाना पुलिस ने कंपनी मैनेजर नरेश की शिकायत पर बिट्टू, नहर कॉलोनी निवासी कृष्ण को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ लूट, बंधक बनाने, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कुछ दिन पहले बिट्टू व उसके साथियों को लूट की योजना बनाते समय गिरफ्तार कर लिया था। शहर थाना पुलिस ने इसके बाद राजपुरा भैण निवासी बिट्टू, नहर कॉलोनी निवासी कृष्ण, ओम नगर निवासी सचिन, जवाहर नगर निवासी निशांत को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों को दो दिन के रिमांड पर भेजा था। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों से चार लाख 45 हजार रुपये की राशि बरामद की।
डिटेक्टिव स्टाफ ने काबू किया था
मामले के जांच अधिकारी एएसआई दिलबाग ने बताया कि चारों आरोपियों को 11 अगस्त को डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने सफीदों के शीलाखेड़ा गांव के स्टेडियम से गिरफ्तार किया था। उस समय आरोपियों के कब्जे से एक होंडा सिटी कार, चार देसी पिस्तौल व 17 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इसके बाद शहर थाना पुलिस ने चारों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। जिसमें उनसे चार लाख 45 हजार रुपये की राशि बरामद हुई है। इनमें बिट्टू के खिलाफ 10 मामले, कृष्ण उर्फ बाबा के खिलाफ सात मामले, सचिन के खिलाफ छह मामले, निशांत के खिलाफ विभिन्न थानों में चार मामले दर्ज हैं।