एसएमओ को थप्पड़ मारने का मामला
जिले भर के चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर जताया रोष
एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन भी हुई एसएमओ के खिलाफ लामबंद, एक आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
कंडेला सीएचसी में एसएमओ डॉ. राजेश भोल को थप्पड़ मारने के मामले में अब चिकित्सकों के साथ-साथ एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन भी लामबंद हो गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग की राजनीति गर्मा गई है। फिलहाल चिकित्सक और एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारी आमने सामने आते दिखाई दे रहे हैं। वहीं पुलिस ने एसएमओ पर हमला करने के एक आरोपी बलजिंद्र को जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि 25 जनवरी को एसएमओ डॉ. राजेश भोला को कंडेला सीएचसी में मीटिंग के दौरान एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन के प्रधान शैलेंद्र, एमपीएचडब्ल्यू रोहताश व बलजिंद्र द्वारा उनके साथ मारपीट करने का वीडियो सामने आया। ऐसे में एसएमओ डॉ. राजेश भोला ने तीनों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करवाया गया।
इस मामले में सरकारी चिकित्सकों की एसोसिएशन भी खुल का एसएमओ के समर्थन में आ गई है। एसोसिएशन की मीटिंग वीरवार को होगी। दूसरी ओर एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन भी अपने नेता के समर्थन में आ गई है। इसको लेकर मंगलवार शाम एसोसिएशन के पदाधिकारी नेहरू पार्क में एकत्रित हुए और एसएमओ पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए 15 महिला कर्मचारी मंगलवार शाम महिला थाना पहुंची। कर्मचारियों ने कहा कि डॉ. राजेश भोला महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन के प्रवक्ता सुरेश शर्मा के अनुसार महिला थाना में महिलाओं के शपथपत्र लेने से मना कर दिया गया। अब एसएसपी को शपथपत्र सौंपे जाएंगे। सुरेश शर्मा ने कहा कि डॉ. राजेश भोला का व्यवहार कर्मचारियों के प्रति सही नहीं रहता। इसके चलते ही यह नौबत आई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में वे दोनों पक्षों में सुलह करवाना चाहते हैं।
बॉक्स
शहर में संस्थाओं ने किया प्रदर्शन
वहीं एसएमओ डॉ. राजेश भोला के समर्थन में शहर की कई संस्थाओं ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संस्थाओं के पदाधिकारी मंगलवार दोपहर नेहरू पार्क में एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए लघुसचिवालय पहुंचे। यहां सिटीएम सत्यवान मान को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
बॉक्स
हड़ताल की चेतावनी
एसोसिएशन के प्रवक्ता सुरेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में तीनों कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में बुधवार को जींद में एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन की मीटिंग होगी। यदि कर्मचारियों पर दबाव जारी रहा तो एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारी प्रदेश व्यापी हड़ताल पर चले जाएंगे।
बॉक्स
कार्रवाई जारी
इस मामले में पुलिस कार्रवाई जारी है। एक आरोपी बलजिंद्र को जेल भेज दिया गया है। अन्य दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
-दिनेश कुमार, सदर थाना प्रभारी।