लघु सचिवालय के बाहर वेतन की मांग को लेकर खाली बर्तन बजातीं वर्कर।
- फोटो : Jind
जींद। जिले के क्रेच वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने वेतन की मांग को लेकर लघु सचिवालय के बाहर खाली बर्तन बजाकर प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान अनीता ने की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगें पूरी करने की मांग की।
धरने पर क्रेच वर्कर की महासचिव पूजा राठी ने बताया कि अप्रैल से लगातार क्रेच केंद्रों पर सात माह से ड्यूटी दे रही हैं। इसके बावजूद भी उनका वेतन जारी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो बीजेपी की सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सबका साथ-सबका विकास के लोक लुभावने नारे दे रही है। लेकिन दूसरी ओर क्रेच में कार्यरत महिलाओं के वेतन व अन्य सुविधाओं को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रही। सरकार ने पक्के कर्मचारियों का वेतन दिवाली के त्योहार से पहले डालने का आदेश दे दिया था, लेकिन दूसरी तरफ जींद जिले के क्रेच वर्कर एवं हेल्पर सरकार व कार्यक्रम अधिकारियों की ओर देख रही है कि कब उनको नौकरी बहाली के बाद पहला वेतन या मानदेय मिले। इसके अलावा उन्होंने क्रेच केंद्रों का किराया शीघ्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्रेच केंद्रों पर बच्चों के लिए आंगनबाड़ी की तरह अलग से राशन उपलब्ध करवाया जाए।