नागरिक अस्पताल में पैसे लेने के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़।
- फोटो : Jind
जींद। पिछले दिनों सेना भर्ती के लिए कोरोना जांच करवाने की एवज में नागरिक अस्पताल प्रशासन द्वारा लिए गए 500-500 रुपये बुधवार को लौटाने का काम शुरू हुआ। रुपये वापस लेने के लिए 501 युवाओं ने आवेदन किया था। इनमें से 292 युवा जमा करवाई गई राशि की रसीद पेश कर सके। इनको स्वास्थ्य विभाग ने पैसे लौटा दिए जबकि 209 युवा फिलहाल कोई रसीद नहीं दिखा सके। अब इनको जांच के बाद अगले सप्ताह पैसे लौटाए जाएंगे। वहीं 30 नए युवाओं ने अपने पैसे लेने के लिए दावा जताया है।
27 फरवरी को हिसार में सेना की भर्ती हुई थी। इसमें भाग लेने के लिए युवाओं को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना जरूरी था। इसके लिए नागरिक अस्पताल जींद में सैकड़ों युवाओं ने जांच करवाई थी और स्वास्थ्य विभाग ने इनसे 500-500 रुपये फीस ली। बाद में आदेश हुए कि इन युवाओं से जांच के नाम पर कोई फीस नहीं ली जाएगी। जिन युवाओं से 500 रुपये फीस ली गई है, उनको लौटा दिया जाए। अपनी फीस वापस लेने के लिए 501 युवाओं ने नागरिक अस्पताल में आवेदन किया था। बुधवार को वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रमेश पांचाल के नेतृत्व में अस्पताल की टीम ने 501 में से 292 युवाओं को 500-500 रुपये लौटा दिए। वहीं नागरिक अस्पताल प्रशासन को 30 और युवाओं ने आवेदन कर पैसे वापस मांगे हैं।
बॉक्स
बुधवार को 292 युवा अपनी पैसे जमा करवाने वाली रसीद प्रस्तुत कर सके। इनको 500-500 रुपये वापस कर दिए हैं जबकि 209 युवा रसीद नहीं दिखा सके। इनके अन्य कागजातों का मिलान करके अगले सप्ताह पैसे दे दिए जाएंगे। 30 अन्य युवाओं ने भी बुधवार को पैसे मांगने के लिए आवेदन किए हैं। सभी युवाओं को पैसे वापस कर दिए जाएंगे।
- डॉ. रमेश पांचाल, डिप्टी सिविल सर्जन।