तहसीलदार रामचरण शर्मा को कोरोना रिलीफ फंड के लिए राशि देती सुनहरी देवी।
- फोटो : Jind
उचाना। मुख्यमंत्री कोरोना रिलीफ फंड को लेकर सुनहरी देवी ने अपनी एक महीने की बुढ़ापा पेंशन नगर पालिका की नई बिल्डिंग के पास अपने आवास पर तहसीलदार रामचरण शर्मा को बुलाकर दी। दादी को कोरोना रिलीफ फंड में मदद करती देख पोती अंजलि व पोते अरविंद नेे अपने गुल्लक में जमा डेढ़ महीने के 2770 रुपये की राशि दान कर दी। सुनहरी देवी की बहू मुकेश रानी, गीता विद्या मंदिर स्कूल उचाना मंडी में शिक्षक हैं। उन्होंने भी अपने वेतन से 2100 रुपये मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में जमा करवाई।
राजकीय उच्च विद्यालय मखंड में संस्कृत टीचर सुनहरी देवी के बेटे शीशपाल शास्त्री ने कहा कि वह भी अपने वेतन का 15 प्रतिशत हिस्सा मुख्यमंत्री कोरोना रिलीफ फंड में दे चुके हैं। उन्होंने लोगों से कोरोना रिलीफ फंड में ज्यादा से ज्यादा राशि जमा कर सहयोग करने की अपील की है। तहसीलदार रामचरण शर्मा ने कहा कि सुनहरी देवी से प्रेरणा लेते हुए अन्य लोगों को भी चाहिए कि जितना हो सकता है उतनी राशि कोरोना रिलीफ फंड में जमा करवाएं। इस मौके पर मास्टर रामबिलास शर्मा और रामदिया मौजूद रहे।