जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि कोरोना संक्रमण का दायरा जिले में लगातार कम होता जा रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को 1287 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें से 163 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पिछले पांच दिन से जिले में लगातार 200 से कम मामले आ रहे हैं। जबकि इससे 24 दिन पहले तक लगातार 200 से लेकर 400 तक संक्रमण के मामले आ रहे थे। शुक्रवार को संक्रमण की दर 12.66 रही।
शुक्रवार को जींद निवासी 71 वर्षीय व्यक्ति, भिवानी रोड स्थित आश्रम बस्ती निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति, गांव किनाना निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति, अर्बन इस्टेट निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति, न्यू कृष्णा कॉलोनी निवासी 68 वर्षीय व्यक्ति, गांव थुआ निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
वहीं स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार को 1287 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें से 163 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिले में धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण की दर कम होती जा रही है। मई महीने की शुरुआत में जिले में संक्रमण की दर लगभग 50 प्रतिशत थी, जो इस समय 12.66 प्रतिशत तक पहुंच गई है। मई महीने के अंत तक संक्रमण की दर और ज्यादा कम होने की संभावना है। जिले में अब तक 19876 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 17944 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं अब तक 439 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में इस समय 1493 लोग संक्रमित हैं। नागरिक अस्पताल में इस समय 146 के आसपास मरीज दाखिल हैं। अस्पताल में 15 के आसपास बेड भी खाली हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट इस समय 90.27 प्रतिशत तक पहुंच गया है जबकि मौत का प्रतिशत 2.20 प्रतिशत है, जोकि बहुत अधिक है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने 986 लोगों के सैंपल लिए हैं।
जिले में फिलहाल रिकवरी की दर 90.27 प्रतिशत तक पहुंच गई है जोकि अच्छी बात है। धीरे-धीरे संक्रमण की दर भी कम हो रही है। लोगों को लगातार सावधानी बरतने की जरूरत है। लॉकडाउन के नियमों का पालन करना चाहिए। किसी व्यक्ति को यदि बुखार या अन्य कोई परेशानी हो तो उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में आना चाहिए। झोलाछाप लोगों से बचना चाहिए।
डॉ. पालेराम कटारिया, कोरोना नोडल अधिकारी।