21जेएनडी33: नगर परिषद कार्यालय में खाली पड़ी प्रोपर्टी टैक्स की खिड़की। संवाद
जींद। नगर परिषद क्षेत्र में प्रोपर्टी टैक्स का बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में करीब 15 करोड़ रुपये का प्रोपर्टी टैक्स अभी तक बकाया है। बकाया वसूली बढ़ाने के लिए नगर परिषद ने 30 जून तक टैक्स जमा करवाने वालों को ब्याज में पूरी छूट देने की घोषणा की है। इसके बावजूद वीरवार को एक भी उपभोक्ता टैक्स जमा करवाने के लिए कार्यालय नहीं पहुंचा।
नगर परिषद के रिकॉर्ड के अनुसार शहर में करीब 80 हजार प्रोपर्टी आईडी बनाई गई हैं। इनमें लगभग 40 हजार हाउस होल्ड और 25 हजार कमर्शियल साइट शामिल हैं। इसके अलावा करीब 15 हजार प्रॉपर्टियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
परिषद अधिकारियों का कहना है कि इन प्रॉपर्टियों का सर्वे कर रिकॉर्ड अपडेट किया जा रहा है ताकि टैक्स दायरे में लाया जा सके। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार बकाया राशि 15 करोड़ रुपये है। परिषद अब विशेष अभियान चलाकर लोगों को टैक्स जमा करवाने के लिए जागरूक करेगी। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार के साथ-साथ डिफॉल्टरों को नोटिस भी भेजे जाएंगे।
पभोक्ताओं को ब्याज में शत-प्रतिशत छूट मिलेगी
30 जून तक प्रोपर्टी टैक्स जमा करवाने पर उपभोक्ताओं को ब्याज में शत-प्रतिशत छूट मिलेगी। इससे हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। परिषद का मानना है कि लोग इस अवसर का लाभ उठाकर अपना पुराना बकाया साफ कर सकते हैं।
वर्जन
शहरवासियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते टैक्स जमा करवाएं। इससे परिषद को विकास कार्यों के लिए राजस्व मिलेगा और शहर में सफाई, सड़क व अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। जमा होने वाली इस राशि से शहर के विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।
-ऋषिकेश चौधरी ईओ नगर परिषद जींद।