जींद। नागरिक अस्पताल में मंगलवार रात सीएमओ डॉ. सुमन कोहली के औचक निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रक्रिया तेज हो गई है। वीरवार को अस्पताल में बंद पड़े एसी ठीक हो गया है।
साथ ही रोशनी व्यवस्था और साफ-सफाई को दुरुस्त किया गया। ऑन कॉल ड्यूटी व्यवस्था को मजबूत किया गया है और चिकित्सकों की निगरानी प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है।
मंगलवार रात सिविल सर्जन की अध्यक्षता में अधिकारियों की टीम ने अस्पताल परिसर, सीएमओ कैंपस, नई बिल्डिंग और लेबर रूम का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रोशनी, सीवरेज, सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया गया। जहां भी खामियां मिलीं, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए।
अस्पताल प्रशासन ने सबसे पहले आईसीयू में लंबे समय से बंद पड़े तीन एसी ठीक करवाए। अब सभी एसी सुचारु रूप से चल रहे हैं जिससे मरीजों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके अलावा अस्पताल परिसर में खराब पड़ी लाइटों को भी बदलवाया गया।
मुख्य गेट से लेकर सीएमओ आवास तक उगी कांग्रेसी घास को हटवाकर सफाई करवाई गई। अस्पताल प्रशासन ने एमरजेंसी वार्ड में फोन सुविधा दोबारा शुरू करवाई है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
सभी चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर लागू कर दिया गया है। अब मेडिसिन, सर्जरी, नेत्र, आर्थो, डेंटल और गायनी विशेषज्ञ चिकित्सक रात के समय ऑन कॉल रहेंगे ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके। जहां पर चिकित्सकों की दौरे के दौरान लापरवाही मिली थी, उनको नोटिस जारी किया गया है।
हर रात होगी वार्डों की जांच
अस्पताल में अब प्रतिदिन रात को सभी वार्डों का निरीक्षण किया जाएगा। एसएमओ के नेतृत्व में विशेष रोस्टर तैयार किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी लापरवाही मिले, संबंधित कर्मचारियों और चिकित्सकों को नोटिस जारी किया जाए। गायनी विभाग में निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर संबंधित चिकित्सक को नोटिस भी जारी किया गया है।
प्राइवेट एंबुलेंस पर भी सख्ती
अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल परिसर और आसपास खड़ी प्राइवेट एंबुलेंसों पर भी सख्ती के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि यदि अस्पताल के आसपास कोई प्राइवेट एंबुलेंस खड़ी मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वर्जन
समय-समय पर सुबह और देर रात अस्पताल का निरीक्षण जारी रहेगा ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें और अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें। अस्पताल में कहीं भी लापरवाही मिली तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मरीजों के हितों के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
- डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।