उचाना। बड़े स्तर पर दो गुटों में बंटी नजर आ रही कांग्रेस अब हलकास्तर पर भी गुटों में बंटी नजर आ रही है। अग्निपथ योजना को लेकर पूरे प्रदेश में सत्यग्रह अभियान के तहत धरना दिया गया। उचाना हलके के उपमंडल कार्यालय में कांग्रेसियों द्वारा अग्निपथ योजना को वापस लिए जाने की मांग को लेकर धरना दिया। यहां भी कांग्रेस दो गुटों में बंटी नजर आई। अलग-अलग दोनों गुटों द्वारा धरना दिया गया।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश डाहोला, मार्केट कमेटी पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र घोघडिय़ा की अगुवाई में युवाओं द्वारा बैनर लगा कर पेड़ के नीचे बैठ धरना दिया। हलके से कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ चुके बलराम कटवाल, राजेंद्र चहल सहित अन्य नेताओं द्वारा उपमंडल कार्यालय में टेंट लगा कर धरना दिया। दोनों धरनों का उद्ेश्य एक ही था लेकिन एक परिसर में दो धरने एक पार्टी द्वारा दिए जाने से कांग्रेस की गुटबाजी साफ नजर आई।
अग्निपथ योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ : सुभाष गांगोली
सफीदों। भारतीय सेना में अग्निपथ योजना को लेकर सफीदों में कांग्रेसियों ने लघु सचिवालय के बाहर विधायक सुभाष देशवाल की अध्यक्षता में सत्याग्रह किया। विधायक सुभाष देशवाल गांगोली ने कहा कि केंद्र सरकार जो अग्निपथ योजना लेकर आई है, उसके विरोध में अनशन शुरू किया गया है। सरकार युवाओं को नौकरी देने की बजाय गुलाम बनाना चाहती है। इसलिए पुराने पैटर्न को बदलकर युवाओं को 4 वर्ष के लिए भर्ती करने की योजना बनाई है, लेकिन युवा इसे किसी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। यह योजना सशस्त्र बलों में लंबे समय से चली आ रही परंपराओं और मनोबल का अवमूल्यन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस योजना के विरोध को लेकर देशभर के युवा बेरोजगारों के साथ है। सरकार इस योजना को समय रहते वापस ले अन्यथा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेसियों ने दिया धरना
नरवाना। अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय में सोमवार को धरना देकर सत्याग्रह आंदोलन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनदीप दनौदा ने कहा कि अग्निपथ योजना से न देश, न सेना और न युवाओं को लाभ होगा। यह केवल युवाओं के साथ छलावा है। सेना को किसी हालत में कमजोर नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना का फैसला वापस नहीं लिया तो 2024 में जनता सरकार बदल देगी। इस अवसर पर दरवेश पुनियां, संजीव कल्याण, राजेश सैंथली, रिषीपाल, पिरथी सिंह, ईशाक भट्ठी, तेजवीर सिंह, बिंदर शर्मा, अमित भी मौजूद रहे।