जींद। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेसियों ने दिल्ली में हुई लाठीचार्ज की घटना के विरोध में गोहाना रोड से लघु सचिवालय तक विरोध मार्च निकाला। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान डीसी डॉ. वैशाली शर्मा के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा की मांग की। साथ ही परीक्षा व भर्ती प्रणाली में सुधार, भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने और नई दिल्ली में छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग उठाई
जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि छात्रों और युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। हैबतपुर ने नई दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने सरकार से छात्रों के साथ संवाद स्थापित करने और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों का समाधान करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा और भर्ती प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और युवाओं को समय पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुभाष गंगोली, महावीर गुप्ता, जगबीर डिगाना, पवन दुहन, प्रमोद सहवाग, मंजीत सैनी, नारायण दत्त, जयभगवान गोयल, पवन गर्ग, रमेश जोगी, राममेहर निडाना, जगदीश बीबीपुर, सुभाष लाठर, राजा सरपंच, विजेंद्र डाठरथ, एडवोकेट दया सिंह, धर्मपाल प्रधान, दीपक पिंडारा, रोशन दुग्गल, कमल चौहान, सुखी राम धरौदी मौजूद रहे।