जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जिले में लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता के उल्लंघन की कोई भी शिकायत भारत निर्वाचन आयोग के सी-विजिल एप पर दर्ज कराई जा सकती है। एप पर शिकायत करने पर सिर्फ 100 मिनट के अंदर ही कार्रवाई कर ली जाएगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार आम लोगों को चुनाव में कहीं शराब तो कहीं पैसा बांटने की सूचना मिल जाती है। सी-विजिल एप नागरिकों को चुनाव के दौरान रिश्वतखोरी, मुफ्त उपहार, शराब वितरण, अनुमत समय से अधिक देर तक लाउडस्पीकर बजाने जैसे नियमों का उल्लंघन की रिपोर्ट करने का अधिकार देता है। इस साधारण मोबाइल ऐप का उपयोग करके, नागरिक लाइव फोटो या वीडियो को कैप्चर करके चुनाव आयोग के सी-विजिल ऐप पर अपलोड कर सकता है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का स्पष्ट प्रमाण मिलते ही चुनाव तंत्र तुरंत हरकत में आ जाता है और शिकायत मिलने के 100 मिनट के अंदर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
शिकायतकर्ता को यह लिखने की भी जरूरत नहीं होगी कि वह कहां से है क्योंकि एप स्वचालित रूप से स्थान का पता लगा लेता है। उन्होंने बताया कि चुनाव संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सी-विजिल एप के अलावा एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिसका टोल फ्री नंबर 1950 है। इस नंबर पर आम लोग स्वयं शिकायत कर सकते हैं, ये सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने आम लोगों से बिना किसी डर, भय और प्रलोभन के अपने मत का सही प्रयोग करने और लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में भाग लेने की अपील की है।