मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने रविवार को जिले को 33 विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। इन परियोजनाओं पर 146 करोड़ रुपये खर्च होेंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुख्यमंत्री ने नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिन पर 28 करोड़ 9 लाख रुपये का खर्च आया हुआ है, जबकि 24 की आधारशिला रखी, जिन पर 117 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च होंगे। भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा, जजपा विधायक अमरजीत ढांडा, डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने इन विकास परियोजनाओं का विधिवत रूप से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि प्रदेश का विकास करवाना ही मुख्यमंत्री की सोच है। इसी सोच के अनुरूप वह हर हलके का बराबर विकास करवा रहे हैं। जींद जिले के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए जींद में सर्वाधिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। इन विकास परियोजनाओं के शुरू होने एवं पूर्ण होने से लोगों को काफी लाभ होगा। विकास के मामले में जींद काफी आगे निकल जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी को साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहिए। इस मौके पर भाजपा के जिला प्रधान राजकुमार मोर, महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी, बलकार डाहौला, मनीष उर्फ बबलू, एसडीएम राजेश कुमार, नगरायुक्त संजय बिश्नोई, नगराधीश दर्शन यादव व जिला परिषद के सीईओ दलबीर सिंह भी मौजूद रहे।
इन परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन
सिवाना माल में चार करोड़ तीन लाख रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सेढ़ा माजरा गांव में तीन करोड़ 34 लाख रुपये से बने 33केवी क्षमता के बिजली घर, चार करोड़ 37 लाख रुपये से शामलो कलां में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एक करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बने गतौली-करेला लिंग ड्रेन के पंप हाउस, पांच करोड़ रुपये की लागत से बने शामलो कलां पंप हाउस, ईगराह गांव में चार करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से बनाए गए स्वतंत्र जलघर, मेहरड़ा गांव में दो करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से जलघर, एक करोड़ रुपये की लागत से खरल गांव में बने सामुदायिक केंद्र भवन, हांसी ब्रांच नहर पर दो करोड़ 10 लाख रुपये से बनाए गए पुल का उद्घाटन किया गया।
इन परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला
जींद-सफीदों रोड पर दालमवाला अस्पताल चौक रोड की एक करोड़ 24 लाख 76 हजार रुपये से मरम्मत, सात करोड़ 91 लाख 27 हजार रुपये से नरवाना से फरैण कलां-नेहरा-खरड़वाल-समैन रोड के अपग्रेडेशन का कार्य, एनएच-52 से रेलवे स्टेशन होते हुए ईस्माइलपुर, दबलैन, बदोवाला एनएच-52 तक 4 करोड़ 22 लाख 57 हजार रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होगा। नरवाना में 2 करोड़ 65 लाख 19 हजार रुपये से बाल भवन का निर्माण, जुलाना-नंदगढ़ रोड का तीन करोड़ 47 लाख रुपये से दोबारा निर्माण होगा। लजवाना कलां में 5 करोड़ 94 लाख 99 हजार रुपये से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण, 15 करोड़ रुपये से मेन रोड अलेवा से शामदो, थुआ, संडील, कमालपुर रोड के निर्माण कार्य, 14 करोड़ 55 लाख रुपये से नगूरां से दिल्लूवाला, दालमवाला, हसनपुर, चांदपुर, डाहोला, नगूंरा रोड का निर्माण किया जाएगा। नौ करोड़ 19 लाख रुपये से उचाना से जालब खेड़ी रोड की स्पेशल रिपेयरिंग की जाएगी। एनएच 352 (झांझ), बरोदी, मोहनगढ़, भौंसला, कहसून से एनएच 352 रोड तक के कार्य पर 8 करोड़ 89 लाख रुपये, पेंगा से पोपड़ा रोड के निर्माण कार्य पर 7 करोड़ 89 लाख 18 हजार रुपये खर्च होंगे। अलेवा से राजौंद रोड की स्पेशल रिपेयरिंग कार्य पर 7 करोड़ 84 लाख 22 हजार रुपये खर्च होंगे। कुचराना कलां से कालता तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य पर 4 करोड़ 48 लाख 84 हजार रुपये, अलेवा से चांदपुर तक की सड़क के निर्माण पर 3 करोड़ 38 लाख रुपये, अलेवा से हसनपुर रोड के निर्माण कार्य पर 3 करोड़ 24 लाख रुपये, अलीपुरा से तारखां तक की सड़क के निर्माण पर 3 करोड़ 7 लाख 73 हजार रुपये, अलेवा से गोहियां तक रोड के निर्माण कार्य पर दो करोड़ 91 लाख 84 हजार रुपये खर्च होंगे। काब्रछा से सुदकैण खुर्द तक रोड के निर्माण कार्य पर दो करोड़ 52 लाख 86 हजार रुपये, खांडा से मोहम्मद खेड़ा व पोपड़ा रोड तक की सड़क के निर्माण कार्य पर दो करोड़ 8 लाख 53 हजार रुपये, झील से डोहाना खेड़ा तक की सड़क निर्माण कार्य पर एक करोड़ 99 लाख 19 हजार रुपये, घोघड़ियां से छात्तर व घोघड़ियां से करसिंधु रोड के निर्माण कार्य पर एक करोड़ 77 लाख 54 लाख रुपये, दिल्लूवाला, हसनपुर रोड से मांडी खुर्द गांव तक की सड़क के निर्माण कार्य पर एक करोड़ 26 लाख 71 हजार रुपये, पेगां से कैनाल रेस्ट हाउस तक की सड़क के निर्माण पर एक करोड़ 21 लाख 97 हजार रुपये, गोहियां से अलेवा ढाटरथ तक एक करोड़ 19 लाख रुपये की राशि से बनने वाली सड़क का निर्माण किया जाएगा।