17जेएनडी18: भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री से बातचीत करते हुए आढ़ती ओमदत्त डाहोला। संवाद
उचाना। उचाना भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के आढ़तियों की बड़़ी मांग पूरी कर उनसे किया वादा निभाने का काम किया है। आढ़तियों को आढ़त 46 से बढ़कर 55 रुपये प्रति क्विंटल को पूरी कर दी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सभी वर्गों के हितैषी हैं। उन्होंने चुनाव से पूर्व अपने छोटे कार्यकाल में जो छवि बनाई थी लोग उससे इतना प्रभावित हुए कि उनके नाम पर बंपर वोट किए। अत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव से पूर्व किए गए वादों को पूरा करना शुरू कर दिया है। अपने वादे के अनुसार शपथ लेने से पहले 26000 युवाओं को रोजगार देकर कई घरों में रोजगार का उजियारा किया। गरीब परिवारों के बच्चे नौकरी पर लगे हैं। इसके बाद किडनी रोगियों के लिए निशुल्क इलाज की घोषणा की। अब विधानसभा सत्र में एक लाख 20 हजार कर्मचारियों सहित लेक्चरर्स की सेवा को सुरक्षित करते हुए बिल प्रस्तुत कर दिया है। मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास में दिन-रात जुटे हैं। वे लगातार जनहित के फैसले ले रहे हैं। इससे पूरे प्रदेश में उनकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है।
आढ़तियों ने विधायक से की छात्तर सब यार्ड में धर्मकांटा लगाने की मांग
छात्तर सब यार्ड के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ आढ़ती ओमदत्त डाहोला की अगुवाई में आढ़तियों का प्रतिनिधिमंडल विधायक देवेंद्र अत्री से मिला। छात्तर सब यार्ड में धर्मकांटा बनाने की मांग को लेकर पत्र भी दिया। विधायक ने कहा कि जो आढ़तियों, किसानों की मांग है वो गेहूं के सीजन से पहले पूरी कर दी जाएगी। आढ़ती, किसानों के हित में निरंतर सरकार कार्य कर रही है। उचाना की अतिरिक्त अनाज मंडी में 40 लाख से अधिक की लागत से दो धर्मकांटे बन रहे हैं।
ओमदत्त डाहोला ने बताया कि सब यार्ड मंडी बनने के बाद से धर्मकांटे की मांग करते आ रहे हैं। विधायक ने गेहूं के सीजन से पहले धर्मकांटा यहां लगने का आश्वासन दिया था। धर्मकांटा लगने के बाद आढ़तियों, किसानों को फायदा होगा।
17जेएनडी18: भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री से बातचीत करते हुए आढ़ती ओमदत्त डाहोला। संवाद