संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। त्वचा संबंधी बीमारियों से परेशान मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। नागरिक अस्पताल को करीब 10 साल बाद चर्म रोग विशेषज्ञ मिला है। अस्पताल में डीआरपी स्टूडेंट डॉ. दीपेश स्किन ओपीडी संभाल रहे हैं। यहां प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं का इलाज करवाने पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ की सुविधा मिलने से जींद और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाने से राहत मिलेगी।
अस्पताल के पुराने भवन में त्वचा ओपीडी के लिए अलग कमरा निर्धारित किया गया है। यहां त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया जा रहा है। इससे पहले अस्पताल में नियमित रूप से चर्म रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था।
करीब 10 साल पहले अस्पताल में दो महीने के लिए त्वचा रोग चिकित्सक की सेवाएं मिली थीं लेकिन इसके बाद मरीजों को लंबे समय तक विशेषज्ञ की सुविधा का इंतजार करना पड़ा।
दाद, खुजली और एलर्जी के मरीज अधिक
डॉ. दीपेश ने बताया कि त्वचा ओपीडी में सबसे अधिक मरीज दाद, खुजली, त्वचा पर लाल चकत्ते, एलर्जी और मुंहासों की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। पसीना, धूल-मिट्टी, संक्रमण और विभिन्न पदार्थों से होने वाली एलर्जी त्वचा रोगों का कारण बन सकती है। इसके अलावा हेयर कलर, साबुन, क्रीम और कॉस्मेटिक उत्पादों के इस्तेमाल से भी कई लोगों को त्वचा संबंधी परेशानी हो सकती है। चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाओं और स्टेरॉयड युक्त क्रीम का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
वर्जन
नागरिक अस्पताल में डीआरपी स्टूडेंट ओपीडी संभाल रहे हैं। त्वचा संबंधी बीमारी के सही कारण का पता लगाने और उचित इलाज के लिए मरीज अस्पताल की ओपीडी में जांच करवाएं। यह चिकित्सक ट्रेनिंग के तौर पर तीन महीने के लिए ही मिले हैं।
-डॉ. रघुवीर पूनिया पीएमओ