जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने नई पहल की है। इसमें स्कूल के बच्चों को भी जोड़ा गया है। उन्हें नकद इनाम देकर पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल के तहत बच्चे अपने अभिभावकों को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। मतदान के दिन वोट करने के बाद परिवार के मतदाताओं की उंगली पर लगी नीली स्याही के साथ साथ वह सेल्फी अपलोड करेंगे। जिलास्तर पर ड्रॉ के माध्यम से पहले तीन स्थान पर रहने वाले विजेताओं को क्रमश: 10, 5 और ढाई हजार रुपये इनाम में दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत जिस स्कूल के छात्र सबसे अधिक सेल्फी अपलोड करेंगे, उस स्कूल को भी 25 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। सेल्फी अपलोड करने के लिए www.ceohariyana.gov.in पर एक लिंक विकसित किया गया है, जोकि मतदान के दिन यानी 25 मई को खुलेगा। सुबह 7 बजे से मतदान के साथ ही सेल्फी अपलोड करने का लिंक स्कूली बच्चों के लिए खुल जाएगा और रात 8 बजे तक सेल्फी अपलोड की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य न केवल इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाना है, बल्कि स्कूली बच्चे जो भावी मतदाता बनेंगे, उन्हें अभी से मतदान अधिकारों के प्रति सजग करना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट का महत्व होता है, इसलिए यह पहल शुरू की गई है, ताकि हर मतदाता अपना वोट अवश्य दें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रति मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव का पर्व-देश का गर्व शीर्ष वाक्य दिया है।