शहर के चिकित्सकों को फोन कर 20-20 लाख की फिरौती मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी थुआ निवासी अंकित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लॉरेंस गैंग को फॉलो करता है और शहर के व्यापारियों, चिकित्सकों और नामी लोगों को धमकी देकर लॉरेंस की तरफ अपनी पहचान बनाना चाहता था। आरोपी पर पहले भी अलग-अलग थानों में चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी के चार मामले दर्ज हैं।
आरोपी अंकित गूगल से शहर के बड़े कारोबारियों के नंबर सर्च करके उनको रंगदारी के लिए धमकी देता था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था और एक स्थान से दूसरे पर जाकर मोबाइल बंद कर देता था। इसके चलते आरोपी को पकड़ने में पुलिस को दो से तीन दिन का समय लगा। शनिवार को आरोपी पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर के ऊपर से ही नीचे कूद गया। इससे उसकी टांग में फ्रैक्चर आ गया। फिलहाल आरोपी को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
सीआईए इंचार्ज सुखविंद्र की टीम और एसआई कुलवंत और एएसआई संदीप संधू के नेतृत्व में सिविल लाइन पुलिस जींद की टीम ने आरोपी को ट्रैक किया और उसके पीछे लग गई। गांव मोहलखेड़ा के फ्लाईओवर के पास आरोपी को घेर लिया। दोनों ओर से पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पुल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने के बाद उसकी टांग में चोट लग गई।